Gujrat Morbi Bridge Collapse: गुजरात के मोरबी में रविवार 30 अक्टूबर को केबल ब्रिज हादसे में अब तक 141 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 177 लोगों को बचा लिया गया है. राहत और बचाव कार्य जोरों पर चल रहा है. तो वहीं पुल बनाने वाली कंपनी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल इस हादसे की जांच की जा रही है, वहीं कांग्रेस ने इसकी जांच की मांग की है.
राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने सोमवार, 31 अक्टूबर, 2022 को कहा कि इसकी जांच एक आईजीपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में शुरू की गई है. पीड़ित परिवारों को 6-6 लाख मुआवजे की घोषणा की गई है. उन्होंने कहा है कि सभी रात भर राहत कार्य में लगे रहे. घटना के तुरंत बाद नौसेना, एनडीआरएफ, वायुसेना और सेना के जवान मौके पर पहुंचे. रात भर 200 से ज्यादा जवान तलाशी और काम में लगे रहे.

