नागपुर: MIDC पुलिस क्षेत्राधिकार के तहत वानाडोंगरी-महाजनवाड़ी इलाके में मंगलवार सुबह एक भीषण दुर्घटना में बाइक सवार दो भाइयों की एक लापरवाह चालक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोंनों की जगह पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान मोहम्मद आफताब आलम (22) और उनके छोटे भाई मुस्तफा आलम (18) के रूप में हुई है, दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आलम भाई MIDC इलाके में गैरेज में काम करते थे. मंगलवार की सुबह वे दुकान खोलकर नाश्ता करने निकले थे. सुबह करीब 10.15 बजे, जब दोनों वानाडोंगरी-महाजनवाड़ी इलाके को पार कर रहे थे, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और उन्हें कुचल दिया. चक्के की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. लोगों के आक्रोश के डर से आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद MIDC पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है.

